अमृतसर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 6 किलो हेरोइन के साथ 4 युवक गिरफ्तार, कीमत 42 करोड़ रुपये

अमृतसर, 26 जुलाई 2025: अमृतसर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 किलो हेरोइन के साथ चार युवकों को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 42 करोड़ रुपये आंकी गई है।

पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत भुल्लर ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर की गई नाकेबंदी के दौरान इन युवकों को पकड़ा गया। पकड़े गए युवकों में से एक युवक अमेरिका से डिपोर्ट होकर वापस आया था, जो ‘डंकी रूट’ से वहां गया था।

जांच में यह भी सामने आया है कि इनका सीधा संबंध पाकिस्तान में बैठे ड्रग तस्करों से है। ये युवक तस्करों के इशारे पर हेरोइन की खेप एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने का काम करते थे।

पुलिस के अनुसार, ये युवक एक किराए के मकान में रहकर इस अवैध धंधे को अंजाम दे रहे थे। ड्रग डिलीवरी का काम व्हाट्सएप के जरिए किया जाता था, जिससे पकड़ में आने की संभावना कम हो।

कमिश्नर भुल्लर ने बताया कि गिरफ्तार किए गए युवकों में एक नाबालिग भी शामिल है। अब तक की जांच में पता चला है कि पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से कई बार हेरोइन और हथियारों की आपूर्ति की जा चुकी है।

अमृतसर पुलिस ने इस गिरोह को अंतरराष्ट्रीय ड्रग रैकेट से जुड़ा बताया है और कहा है कि इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। पुलिस की टीमें तस्करों के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए छापेमारी कर रही हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.