रामपुर सांसद मोहिबुल्लाह नदवी पर परचम पार्टी का बड़ा हमला, मस्जिद को बताया समाजवादी दफ्तर, इस्तीफे की मांग
रामपुर। समाजवादी पार्टी से सांसद मोहिबुल्लाह नदवी पर गंभीर आरोप लगाते हुए परचम पार्टी ऑफ इंडिया ने उनकी कड़ी आलोचना की है। पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी इशरत खान ने बयान जारी कर कहा कि नदवी ने पार्लियामेंट की मस्जिद को समाजवादी पार्टी का दफ्तर बनाकर यह साबित कर दिया है कि वह अब किसी मस्जिद के इमाम बनने के काबिल नहीं रहे।
इशरत खान ने कहा कि नदवी की इस हरकत से देश का मुसलमान बेहद निराश और आहत है, और हर जगह उनके इस कृत्य की कड़ी निंदा हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि नदवी ने जिस भरोसे के साथ रामपुर की जनता से वोट लिया, अब उसी भरोसे के साथ धोखा कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि रामपुर में मुसलमानों पर हो रहे अत्याचारों पर सांसद की खामोशी यह साबित करती है कि वह जनता की भावनाओं के साथ नहीं, बल्कि सत्ता की राजनीति में मशगूल हैं।
इस्तीफे की मांग
इशरत खान ने मांग की कि मोहिबुल्लाह नदवी रामपुर की जनता से माफी मांगे और अपने सांसद पद से इस्तीफा दें। उन्होंने कहा कि रामपुर की जनता ने उन्हें अपना रहनुमा मानकर चुना था, लेकिन उन्होंने उस भरोसे को तोड़ दिया।
परचम पार्टी ऑफ इंडिया ने साफ कहा कि वह नदवी के इस आचरण की कड़े शब्दों में निंदा करती है और इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाकर उन्हें जागरूक करने का काम करेगी।
फिलहाल इस पूरे मामले पर सांसद मोहिबुल्लाह नदवी की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
