रामपुर के पेंशनरों को बड़ी राहत: अब जीवित प्रमाण पत्र के लिए नहीं लगाने होंगे ट्रेजरी के चक्कर

रामपुर, 22 जुलाई 2025। जनपद रामपुर के पेंशनरों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। अब उन्हें जीवित प्रमाण पत्र जमा करने के लिए ट्रेजरी (कोषागार) के चक्कर नहीं लगाने होंगे। इस व्यवस्था में बदलाव करते हुए वरिष्ठ कोषाधिकारी श्री रणजीत सिंह ने एक ऑनलाइन सत्यापन प्रणाली “जीवन प्रमाण ऐप” के माध्यम से यह सुविधा शुरू कर दी है।

आज जिलाधिकारी रामपुर एवं पुलिस अधीक्षक रामपुर ने कोषागार में वृक्षारोपण कार्यक्रम के बाद निरीक्षण किया, जहां सफाई व्यवस्था और अभिलेखों के रख-रखाव को सराहा गया। इसी दौरान वरिष्ठ कोषाधिकारी द्वारा पेंशनरों के लिए शुरू की गई इस नई व्यवस्था की जानकारी दी गई।

क्या है नई सुविधा?
अब पेंशनरों को जीवित प्रमाण देने के लिए कोषागार में उपस्थित होने की आवश्यकता नहीं है। वे “जीवन प्रमाण” ऐप और “आधार फेस आरडी” ऐप के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन सत्यापन कर सकेंगे।

सत्यापन की प्रक्रिया:
पेंशनर अपने मोबाइल पर Jeevan Praman App
(डाउनलोड लिंक)
और Aadhaar FaceRD App
(डाउनलोड लिंक)
इंस्टॉल करें।

ऐप में अपना आधार नंबर, मोबाइल नंबर और ईमेल दर्ज करें।

OTP दर्ज करने के बाद मोबाइल कैमरे से चेहरे का स्कैन करें।

दो बार पलकें झपकाने के बाद सत्यापन पूर्ण हो जाएगा।

5 मिनट में पूरा हुआ सत्यापन:
रामपुर कोषागार में मौके पर मौजूद वन विभाग के एक सेवानिवृत्त पेंशनर का सफलतापूर्वक ऐप के माध्यम से केवल 5 मिनट में सत्यापन किया गया, जो इस प्रणाली की सरलता और दक्षता को दर्शाता है।

20 जून 2025 से लागू:
यह सुविधा 20 जून 2025 से रामपुर कोषागार में लागू की गई है और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक पेंशनर इसका लाभ ले सकें।

लगभग 8000 पेंशनरों को लाभ:
रामपुर कोषागार से वर्तमान में लगभग 8000 पेंशनर पेंशन प्राप्त कर रहे हैं, जिनके लिए यह तकनीकी नवाचार एक सहूलियत भरा कदम है।

यह पहल प्रशासनिक सरलीकरण, तकनीकी प्रगति और बुजुर्ग पेंशनरों के सम्मान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.