रामपुर: मिलक रेलवे स्टेशन पर इंटरसिटी ट्रेन के ठहराव और आरक्षण काउंटर की मांग को लेकर भाजपा बूथ अध्यक्ष ने पीएम मोदी को भेजा पत्र

रामपुर। भारतीय जनता पार्टी के बूथ अध्यक्ष, वार्ड नंबर 14, बूथ संख्या 353, विनोद प्रकाश सक्सेना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र भेजकर मिलक रेलवे स्टेशन पर इंटरसिटी ट्रेन के ठहराव और आरक्षण काउंटर की स्थापना की मांग की है। यह पत्र डाक के माध्यम से भारत सरकार को भेजा गया है।

विनोद प्रकाश सक्सेना ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि बरेली से दिल्ली और दिल्ली से बरेली के बीच चलने वाली लोकल इंटरसिटी ट्रेन का मिलक रेलवे स्टेशन पर ठहराव नहीं है, जिससे क्षेत्र की जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने लिखा कि मिलक क्षेत्र दो विधानसभाओं – शाहबाद-मिलक और बिलासपुर-मिलक – का प्रतिनिधित्व करता है और यहां की जनता भारतीय जनता पार्टी से गहराई से जुड़ी हुई है।

उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र भाजपा को दो विधायक और एक सांसद देता है, ऐसे में जनता को उम्मीद है कि डबल इंजन की सरकार में उनकी मांगें अवश्य पूरी होंगी।

सक्सेना ने जानकारी दी कि आरटीआई के माध्यम से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, मिलक रेलवे स्टेशन की मासिक आय ₹11,13,879 और वार्षिक आय ₹1,33,36,554 रुपये है। इसके अतिरिक्त, हर वर्ष लगभग 1 लाख 56 हज़ार से अधिक यात्री इस स्टेशन से यात्रा करते हैं।

उन्होंने मांग की कि स्टेशन पर आरक्षण काउंटर की तत्काल आवश्यकता है ताकि यात्रियों को टिकट बुकिंग में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

भाजपा नेता ने विश्वास जताया कि अगर यह मांग पूरी होती है तो मिलक क्षेत्र की जनता आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव में भाजपा को और अधिक समर्थन देगी। उन्होंने प्रधानमंत्री से अपील की कि इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार करते हुए रेल विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.