पुरानी रंजिश के चलते गुरु की वडाली में चली गोलियां, नशा तस्कर हमलावर पहले भी कर चुका है तीन बार हमला

अमृतसर। गुरु की वडाली क्षेत्र स्थित मान आटा चक्की पर शनिवार सुबह पुरानी रंजिश के चलते एक युवक ने गोलियां चला दीं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके से एक खोल बरामद कर लिया है और हमलावर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छापेमारी शुरू कर दी है।

पीड़ित लखविंदर सिंह ने बताया कि कुछ महीने पहले सुखजीत सिंह उर्फ मिंटू का किसी युवक के साथ झगड़ा हुआ था। उस मामले में पुलिस ने उनके चक्की से वीडियो फुटेज लिए थे, जिसके बाद से मिंटू उससे रंजिश रखने लगा। लखविंदर के अनुसार मिंटू पहले भी तीन बार हमला कर चुका है और उनकी चक्की पर तोड़फोड़ की थी।

शनिवार सुबह करीब 5 बजे मिंटू कार में सवार होकर आया और उनकी दुकान पर दो फायर कर फरार हो गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। लखविंदर सिंह ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि हमलावर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

वहीं, आरोपी मिंटू की पत्नी राजबीर कौर ने आरोपों को झूठा बताते हुए कहा कि कुछ दिन पहले लखविंदर सिंह ने उनके पति के साथ गाली-गलौज की थी और अब झूठे आरोप लगाकर उन्हें फंसाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि लखविंदर ने अपने सिर पर खुद चोट लगवाकर मिंटू को फंसाने की साजिश रची है और गोली चलाने की शिकायत भी झूठी है, क्योंकि मिंटू तो इन दिनों शहर से बाहर है।

थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों में पहले से विवाद चल रहा है। दो दिन पहले भी मिंटू ने लखविंदर सिंह पर हमला किया था, जिससे वह घायल हो गया था। आज फिर गोली चलने की शिकायत मिली है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।

पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.