रामपुर: विधायक शफीक अहमद अंसारी ने मुख्यमंत्री योगी से की मुलाकात, टांडा मार्केट की दुकानों को ध्वस्तीकरण से बचाने की रखी मांग

रामपुर। स्वार विधानसभा क्षेत्र (34) से विधायक शफीक अहमद अंसारी ने राजधानी लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर अपने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया।

विधायक अंसारी ने टांडा नगर के मुख्य बाजार स्थित बाजपुर-मुरादाबाद मार्ग पर लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा किए जा रहे चिन्हीकरण व ध्वस्तीकरण नोटिसों पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि इस मार्ग पर स्थित कई दुकानें व मार्केट 40 से 50 वर्षों से अधिक पुरानी हैं, जिनके स्वामियों द्वारा नगर पालिका को नियमित किराया भी जमा किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जब जनपद रामपुर की अन्य नगर पालिकाओं व नगर पंचायतों में बाईपास की स्वीकृति हो चुकी है, तब नगर टांडा की दुकानों को तोड़े जाने का औचित्य समझ से परे है। उन्होंने मांग की कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित विभागों को अनावश्यक ध्वस्तीकरण की कार्रवाई से रोका जाए।

इसके साथ ही विधायक ने अपने विधानसभा क्षेत्र में नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की भी जानकारी दी और उनके सुचारू संचालन व स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री से सहयोग की अपेक्षा जताई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक सहयोग और कार्रवाई का आश्वासन दिया।

 

 

 

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.