थाना जिगना पुलिस को मिली बड़ी सफलता: किशोरी के अपहरण व दुष्कर्म के आरोपी को किया गिरफ्तार
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा के निर्देश पर जिगना पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई, आरोपी को भेजा गया जेल
- रिपोर्ट- मंजय वर्मा
मीरजापुर, जिगना | 09 जुलाई 2025 जनपद मीरजापुर के थाना जिगना क्षेत्र में एक किशोरी को बहला-फुसलाकर शादी का झांसा देकर भगाने और दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने आज गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
घटना 27 जून 2025 की है, जब पीड़िता के पिता ने थाना जिगना में तहरीर देकर बताया कि नामजद अभियुक्त ने उनकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगाया और विरोध करने पर उनके माता-पिता ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी।
प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना जिगना पर मु0अ0सं0-192/2025 धारा 137(2), 87, 352, 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने दिए सख्त निर्देश
जनपद मीरजापुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्राधिकारी लालगंज के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक जिगना को आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
आज 09 जुलाई 2025 को उप-निरीक्षक अवधेश सिंह व उनकी पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर थाना जिगना क्षेत्रान्तर्गत नरोइया मोड़ पुल के पास से नामजद अभियुक्त भगवानदास पुत्र हर्षनारायण (निवासी रतनपुर नरोइया, थाना जिगना) को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही करते हुए माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना हो रही है, साथ ही पीड़िता के परिजनों ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।
