स्कूल के लिए निकले दो बच्चे हुए लापता, हनुमानगढ़ रेलवे स्टेशन से सुरक्षित बरामद,हरिद्वार घूमने निकले थे दोनों दोस्त, CWC के माध्यम से माता-पिता को सौंपे गए।
ऐलनाबाद (एम पी भार्गव): पुलिस चौकी जे.जे. कॉलोनी सिरसा को 6 जुलाई 2025 को हिरा लाल पुत्र महाबीर निवासी वार्ड नं. 31, जे.जे. कॉलोनी, सिरसा द्वारा एक लिखित शिकायत प्राप्त हुई, जिसमें उन्होंने बताया कि उनका बेटा हर्ष और उसका साथी रवि पुत्र कालु राम, निवासी जै.जे. कॉलोनी, सिरसा, दोनों 5 जुलाई की सुबह स्कूल के लिए निकले थे लेकिन छुट्टी के बाद घर नहीं लौटे।परिजनों ने बच्चों की स्कूल, मोहल्ले और रिश्तेदारों में तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। प्राथमिक जांच के बाद थाना शहर सिरसा में मुकदमा नं. 344 दिनांक 07.07.2025 धारा 127(6) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।पुलिस की सतर्कता और तकनीकी सहायता से दोनों बच्चों को रेलवे स्टेशन हनुमानगढ़ से 8 जुलाई को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पूछताछ के दौरान दोनों बच्चों ने बताया कि वे हरिद्वार घूमने व गंगा स्नान के उद्देश्य से गए थे।बच्चों को CWC (बाल कल्याण समिति) के समक्ष पेश कर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उनके माता-पिता को सकुशल सौंप दिया गया।
