मीरापुर। एटीएम चोरी में वांछित चल रहे बदमाश व उसके साथियों के साथ मीरापुर पुलिस की सम्भलहेड़ा गंगनहर पटरी पर मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में पुलिस की गोली से एक बदमाश घायल हो गया।
मीरापुर इंस्पेक्टर बबलू कुमार वर्मा ने बताया कि बुधवार की अलसुबह करीब चार बजे मीरापुर पुलिस क्षेत्र की सम्भलहेड़ा गंगनहर पटरी पर चैकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस टीम ने कुतुबपुर की ओर से आ रही कार को रोकने का इशारा किया तो कार सवार एक बदमाश उतरकर जंगल की ओर भागने लगा तथा तीन बदमाश कार को मोड़कर भागने लगे। जिस पर पुलिस ने पीछा किया तो बदमाश ने पुलिस पर फायर झोंक दिया।
जवाबी फायरिंग में एक गोली भाग रहे बदमाश के पैर में जा लगी। पुलिस के अनुसार हरियाणा के हिसार जिले की जगदीश कालोनी निवासी बिट्टू पुत्र रमेश गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस को इसके पास से एक तमंचा दो कारतूस मिले जबकि कार में सवार होकर भाग रहे इसके साथी विक्रम पुत्र रामनिवास, विकास पुत्र सतबीर सिंह निवासी ग्राम पाली थाना नारनौन हिसार हरियाणा व रोहित पुत्र रमेश निवासी जगदीश कालोनी, हिसार को पुलिस ने पीछा कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को इनके कब्जे से तीन चाकू व सफेद कार मिली है। इंस्पेक्टर बबलू कुमार वर्मा ने बताया कि घायल बदमाश बिट्टू ने एक वर्ष पूर्व एटीएम चोरी की घटना को अंजाम दिया था तथा तभी से वांछित चल रहा था, मुज़फ्फरनगर एसएसपी ने बिट्टू पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था।
