रामपुर: यावर अली की नगर अध्यक्ष पद पर नियुक्ति पर उठा विवाद, यासिर शाह खां ने जताया विरोध

रामपुर। रामपुर युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष आरिफ अल्वी द्वारा यावर अली को नगर अध्यक्ष के रूप में मनोनीत किए जाने पर 37 शहर रामपुर विधानसभा अध्यक्ष यासिर शाह खां ने कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने इस मामले में रामपुर कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष प्रमिल कुमार शर्मा उर्फ निक्कू पंडित को शिकायत पत्र सौंपते हुए मामले की गंभीरता से जांच की मांग की है।

यासिर शाह खां ने प्रेस नोट जारी कर बताया कि यावर अली के मनोनयन का आधार उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष (पश्चिम) को बताया गया है, जबकि जब इस संबंध में प्रमिल कुमार शर्मा ने प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष पारस शुक्ला से संपर्क किया, तो उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि

“युवा कांग्रेस में नगर अध्यक्ष नाम का कोई पद सृजित नहीं है और न ही जिला युवा अध्यक्ष को इस तरह की नियुक्ति का कोई अधिकार है।”

यासिर शाह खां ने कहा, “मैं स्वयं अखिल भारतीय युवा कांग्रेस द्वारा कराए गए संगठनात्मक चुनाव में 400 मत प्राप्त कर विधानसभा अध्यक्ष (37-रामपुर) पद पर विजयी हुआ था और आज भी उसी पद पर कार्यरत हूं।”

उन्होंने कहा कि आरिफ अल्वी द्वारा यावर अली को मनमाने ढंग से पद देने की घोषणा, न केवल एक निर्वाचित पदाधिकारी की मान्यता को ठेस पहुंचाती है, बल्कि यह संगठन के भीतर भ्रम और अनुशासनहीनता भी फैलाता है।

इस पूरे प्रकरण को लेकर यासिर शाह खां ने अपनी शिकायत राष्ट्रीय युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब, राष्ट्रीय महासचिव विनीत कांपोज, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, युवा कांग्रेस पश्चिम अध्यक्ष पारस शुक्ला, और राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे को पत्र और ईमेल के माध्यम से अवगत कराया है।

यासिर शाह ने राष्ट्रीय नेतृत्व से निवेदन करते हुए कहा कि

“प्रदेश अध्यक्ष पारस शुक्ला को निर्देशित किया जाए कि उक्त मनोनयन को नियमवली के विरुद्ध घोषित करते हुए प्रेस विज्ञप्ति जारी करें और साथ ही आरिफ अल्वी के संगठन विरोधी आचरण की जांच कर अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे भविष्य में संगठन की गरिमा और एकता को ठेस न पहुंचे।”

उन्होंने दोहराया कि संगठन की एकता, पारदर्शिता और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बनाए रखना कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.