रामपुर: श्रावण मास में कावड़ियों के आवागमन को सुरक्षित व सुगम बनाने के लिए जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह ने पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र के साथ धमौरा से रठौंडा जाने वाले मार्ग, रठौंडा मंदिर और भमरौआ मंदिर पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने धमौरा से रठौंडा जाने वाले मार्ग पर अतिक्रमण हटाने और ग्राम पंचायत के माध्यम से चौराहे का सौन्दर्यीकरण कराने के निर्देश खंड विकास अधिकारी और ग्राम प्रधान को दिए। जिलाधिकारी ने रठौंडा मंदिर के मार्ग पर खरपतवार एवं साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश जिला पंचायतराज अधिकारी को दिए।
उन्होंने प्रत्येक रविवार व सोमवार को भमरौआ मार्ग पर स्थित आरा मशीनों को बंद रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की सुविधा हेतु सभी मार्गों की मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था, सफाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से दुरुस्त कर लिया जाये। कावड़ियों के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था के लिए अधिशासी अधिकारी को और विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने हेतु संबंधित अधिशासी अभियंता को जिलाधिकारी ने निर्देशित किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि रठौंडा मंदिर व भमरौआ मंदिर पर श्रावण मास में काफी संख्या में शिव भक्तों की भीड़ एकत्रित होती है। उनकी सुविधाओं को देखते हुए समस्त आवश्यक व्यवस्थाएं व प्रबंधन के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। मंदिर स्थल पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं मजिस्ट्रेट की तैनाती भी की जा रही है।
