पतली डाबर, सिरसा राजकीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने नशे के खिलाफ दिखाई एकजुटता, एनसीबी के जागरूकता अभियान में निभाई अग्रणी भूमिका
ऐलनाबाद,3 जुलाई (एम पी भार्गव) हरियाणा में नशा और तस्करी के खिलाफ छेड़े गए जन आंदोलन को और अधिक गति देते हुए हरियाणा नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी), सिरसा यूनिट द्वारा गाँव पतली डाबर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में एक विशेष नशा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसने विद्यार्थियों में नई चेतना और संकल्प का संचार किया। प्रदेश के ब्यूरो प्रमुख एवं महानिदेशक श्री ओ.पी. सिंह के सख्त निर्देशों के तहत पूरे राज्य में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम को एक नया सामाजिक और मानवीय आयाम देते हुए इस कार्यक्रम का संचालन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराना, उन्हें इस सामाजिक बुराई से दूर रखना, और समाज में जागरूकता की चिंगारी फैलाना था। कार्यक्रम की अगुवाई कर रहे एनसीबी सिरसा यूनिट के प्रभारी निरीक्षक श्री होशियार सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा: “नशा एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार, समाज और राष्ट्र को प्रभावित करता है। इससे लड़ना न केवल पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी है, बल्कि हर नागरिक का नैतिक कर्तव्य है।” उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक श्री मोहित हांडा व उप पुलिस अधीक्षक श्री जगजीत सिंह के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने पोस्टर प्रदर्शनी, प्रेरक भाषणों और स्लोगनों के माध्यम से नशा के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की।
“नशा छोड़ो – जीवन जोड़ो”, “युवाओं की यही पुकार – नशा मुक्त हो हर परिवार” जैसे जोशीले नारों से विद्यालय परिसर गूंज उठा। कार्यक्रम के अंत में सभी ने नशा न करने और समाज को नशा मुक्त बनाने की सामूहिक शपथ ली। अंत मे उन्होंने नशें संबंधित कोई भी सूचना टोल फ्री नंबर 1933, ऑनलाइन शिकायत पोर्टल NCB MANAS.GOV.IN और हरियाणा एनसीबी के टॉल फ्री न. 90508-91508 पर देने की अपील करी, ताकि नशा तस्करों को सलाखों के पीछे भेजा जा सके।
