बदायूं जनपद में भगवान जगन्नाथ की धूमधाम से निकली भव्य रथ यात्रा

श्रद्धा, उल्लास और भक्ति के माहौल में शहर के प्रमुख मार्गों से गुज़री शोभायात्रा

बदायूं। बदायूं  जनपद में शुक्रवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा हर्षोल्लास और धार्मिक श्रद्धा के साथ निकाली गई। यह शोभायात्रा भोला धाम मंदिर, काली सड़क से प्रारंभ होकर टिकटगंज, बड़ा बाजार, सराफा बाजार, नेहरू चौक समेत शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई नगरवासियों के लिए आस्था और भक्ति का अद्वितीय उदाहरण बन गई।

भगवान जगन्नाथ के रथ को श्रद्धालुओं ने एक विशाल रस्से से खींचा, जबकि सैकड़ों भक्तगण नंगे पैर उनके साथ चलते नजर आए। रथ के दोनों ओर सेवक सड़क पर जल छिड़कते और सफाई करते हुए आगे बढ़ते गए, जिससे मार्ग पवित्र बना रहे।

महिलाओं और बच्चों ने भी पूरे उत्साह से भागीदारी की, पारंपरिक वेशभूषा में सजे श्रद्धालु कीर्तन व भजन-कीर्तन करते हुए यात्रा में शामिल हुए। रथ यात्रा के दौरान भगवान का प्रसाद भी दोनों ओर श्रद्धालुओं को वितरित किया गया।

यह आयोजन श्रद्धा और संस्कृति का प्रतीक बनकर उभरा, जिसमें नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और इसे ऐतिहासिक बना दिया।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.