कैफे में अनैतिक गतिविधियों का भंडाफोड़, दर्जनभर युवक-युवतियां पकड़े गए

अलवर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में लंबे समय से चल रही अनैतिक गतिविधियों पर पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए पर्दाफाश किया है। बताया जा रहा है कि थाना क्षेत्र अंतर्गत कई कैफे और होटलों में नाबालिग व बालिग छात्र-छात्राओं द्वारा अशोभनीय गतिविधियाँ की जा रही थीं, जिसकी शिकायतें पुलिस को लगातार मिल रही थीं।

मुखबिर की सूचना पर बुधवार को कोतवाली थाने के एएसआई मोरमुकुट टीम के साथ एक कैफे पर पहुंचे और वहां दबिश दी। पुलिस की कार्रवाई के दौरान दर्जनभर युवक और युवतियों को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया, जिनमें कई नाबालिग भी शामिल हैं। इन सभी को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि युवकों को थाने लाकर कड़ी पूछताछ की जा रही है, वहीं मौके पर मौजूद लड़कियों और महिलाओं को परामर्श देकर छोड़ दिया गया है। कैफे संचालक पुलिस के पहुंचने से पहले ही मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में ऐसे कई कैफे हैं, जहां इस तरह की गतिविधियाँ गुपचुप तरीके से की जाती हैं। अब पुलिस की इस कार्रवाई से अन्य संचालकों में भी हड़कंप मचा हुआ है। फिलहाल पुलिस आगे की जांच कर रही है और अन्य संदिग्ध स्थानों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.