भारतीय छात्र पर अत्याचार का मामला: कांग्रेस ने PM मोदी से ट्रंप से बात करने की अपील की

नई दिल्ली, 10 जून: अमेरिका के नेवार्क एयरपोर्ट पर एक भारतीय छात्र के साथ दुर्व्यवहार और जबरन निर्वासन के मामले पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से तत्काल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात कर इस मामले में हस्तक्षेप की अपील करने को कहा है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में एक भारतीय छात्र को अमेरिकी अधिकारियों द्वारा हथकड़ी पहनाकर ज़मीन पर दबोचते हुए देखा जा सकता है। बताया गया कि यह घटना अमेरिका के न्यू जर्सी स्थित नेवार्क एयरपोर्ट की है, जहां छात्र को कथित रूप से जबरन देश से निकाल दिया गया।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने यह वीडियो और तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि यह “भारतीयों के साथ हो रहे अमानवीय व्यवहार” का गंभीर उदाहरण है, जिस पर केंद्र सरकार को चुप नहीं रहना चाहिए।

कांग्रेस का कहना है, “प्रधानमंत्री मोदी को अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से तुरंत बात करनी चाहिए और इस तरह के व्यवहार पर सख्त आपत्ति दर्ज करानी चाहिए। भारतीय नागरिकों की गरिमा और सुरक्षा की रक्षा करना सरकार का दायित्व है।”

इस घटना के बाद न्यूयॉर्क में भारत के वाणिज्य दूतावास ने बयान जारी कर बताया है कि वह स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और मामले की जांच की जा रही है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.