एनडीए सरकार के 11 वर्ष पूर्ण: पीएम मोदी बोले – सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण से भारत में ऐतिहासिक परिवर्तन

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि पिछले 11 वर्षों में भारत ने विभिन्न क्षेत्रों में तेज़ और ऐतिहासिक परिवर्तन देखे हैं। केंद्र में एनडीए सरकार के 11 साल पूरे होने के अवसर पर सोमवार को पीएम मोदी ने सोशल मीडिया के माध्यम से देश की उपलब्धियों को साझा किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” के मंत्र के साथ सरकार ने व्यापक, समावेशी और संवेदनशील विकास सुनिश्चित किया है। उन्होंने लिखा, “140 करोड़ भारतीयों के आशीर्वाद और भागीदारी से भारत ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के सिद्धांतों पर चलते हुए बदलाव की मिसाल पेश की है।”

पीएम मोदी ने यह भी कहा कि पिछले 11 वर्षों में सरकार का फोकस सुशासन, जनकल्याण और समावेशी प्रगति पर रहा है। भारत आज न सिर्फ़ विश्व की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है, बल्कि जलवायु परिवर्तन और डिजिटल नवाचार जैसे वैश्विक मुद्दों पर भी एक अहम आवाज़ बन चुका है।

उन्होंने कहा, “हम अपने साझा प्रयासों की सफलता पर गर्व करते हैं और ‘विकसित भारत’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं।”

प्रधानमंत्री ने NaMo ऐप के माध्यम से ‘विकास यात्रा’ की झलक दिखाते हुए लोगों से इंटरएक्टिव गेम्स, क्विज़ और सर्वे के माध्यम से इस यात्रा से जुड़ने की अपील की।

केंद्र सरकार ने “विकसित भारत का अमृत काल: सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण के 11 साल” शीर्षक से एक ई-बुक भी जारी की है। यह पुस्तक 14 अध्यायों में विभाजित है और इसमें गरीब कल्याण, कृषि, अर्थव्यवस्था, स्वास्थ्य, महिला एवं युवा सशक्तिकरण, पूर्वोत्तर विकास, सुरक्षा, विदेश नीति, पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल इंडिया और सांस्कृतिक विरासत जैसे विषय शामिल हैं।

पुस्तक के अनुसार, 2014 से प्रधानमंत्री बनने के बाद से नरेंद्र मोदी ने “इंडिया फर्स्ट” की नीति पर चलते हुए देशहित को हर नीति और फैसले में प्राथमिकता दी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.