सांसद कुमारी सैलजा का केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना, कहा– आयुष्मान भारत योजना सिर्फ प्रचार तक सीमित, जनता हो रही है परेशान

जरूरी इलाज योजना से बाहर, जनता से हो रहा धोखा

  • रिपोर्ट: एमपी भार्गव

ऐलनाबाद : सिरसा से सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री कुमारी सैलजा ने आयुष्मान भारत योजना को लेकर केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल कागजों और प्रचार तक ही सीमित रह गई है, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि आम जनता को कोई वास्तविक लाभ नहीं मिल रहा।

महत्वपूर्ण ऑपरेशन योजना से हटाए गए
कुमारी सैलजा ने कहा कि मोतियाबिंद, पित्त की थैली और बच्चेदानी जैसे जरूरी ऑपरेशन को योजना के दायरे से बाहर कर देना जनता के साथ बड़ा धोखा है। इससे न केवल जरूरतमंद इलाज से वंचित हो रहे हैं, बल्कि उन्हें भारी आर्थिक बोझ भी उठाना पड़ रहा है।

निजी अस्पतालों की मनमानी से मरीज परेशान
उन्होंने आरोप लगाया कि जिन निजी अस्पतालों को योजना के अंतर्गत सूचीबद्ध किया गया है, वे खुलेआम मनमानी कर रहे हैं। कई बार अस्पताल इलाज करने से इनकार कर देते हैं या तकनीकी बहाने जैसे “सर्वर डाउन है” बताकर मरीजों को लौटा देते हैं। नतीजा यह होता है कि गरीब मरीजों को इलाज के लिए कैश भुगतान करना पड़ता है।

सड़क दुर्घटनाओं के घायलों को भी नहीं मिल रहा इलाज
कुमारी सैलजा ने कहा कि कुछ अस्पताल अब तो सड़क दुर्घटनाओं में घायल मरीजों तक को आयुष्मान योजना के तहत इलाज देने से मना कर रहे हैं। ऐसे में यह योजना अपने उद्देश्य को ही खो चुकी है। सरकार दावा तो मुफ्त इलाज का कर रही है, लेकिन सच्चाई यह है कि मरीजों को अस्पतालों में टालमटोल और बहानेबाजी का सामना करना पड़ता है।

योजना की तत्काल समीक्षा की मांग
सांसद ने प्रदेश सरकार से मांग की कि आयुष्मान भारत योजना की तत्काल समीक्षा की जाए। जिन बीमारियों को योजना से हटाया गया है, उन्हें दोबारा शामिल किया जाए। साथ ही निजी अस्पतालों की जवाबदेही तय की जाए और निगरानी के लिए पारदर्शी तंत्र स्थापित किया जाए।

कांग्रेस जनता की आवाज बनकर लड़ेगी
कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस सदैव गरीब और आमजन की आवाज बनकर उनके हक के लिए लड़ती रही है और आगे भी ऐसी विफल और जनविरोधी योजनाओं का विरोध करती रहेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.