ऐलनाबाद: डबवाली एवं रानियां के लोगों ने भी की है मांग, बिजली पोल से अनाधिकृत केबल-नेटवर्किंग तारें हटाईं जाय
सिरसा, 05 जून ( एम पी भार्गव ): सिरसा शहर में बिजली खंभों पर लगी अनाधिकृत केबल-नेटवर्किंग तारों को हटाने के लिए बुधवार को निगम द्वारा अभियान चलाया गया। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन, बिजली विभाग के अधिकारियों व गठित कमेटी सदस्यों की मौजूदगी में वार्ड नं एक से अभियान की शुरूआत की गई। अभियान के तहत बिजली खंभों पर लगी अनाधिकृत तारों को हटाया गया।
अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन ने बताया कि शहर में बिजली खंभों पर लगी अनाधिकृत केबल व नेटवर्किंग तारों को हटाने के संबंध में संबंधित सेवा प्रदाता कंपनियों को नोटिस जारी किया गया था। नोटिस के बाद प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए खंभों से अनाधिकृत तारों को हटाने का अभियान चलाया है, जिसमें बिजली विभाग के अधिकारी व कमेटी सदस्यों को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि यह अभियान आगे भी चलेगा और एक-एक कर बिजली खंभों से अनाधिकृत केबल व नेटवर्क की तारों को हटाया जाएगा।
बिजली निगम से कार्यकारी अभियंता धीरज कुमार ने बताया कि बिजली निगम की ओर से केबल-नेटवर्क तारों को खंभों पर लगाने के लिए संबंध में पॉलिसी बनाई है। पोलिसी के तहत प्रति पोल केबल-नेटवर्क तार लगाने के लिए 100 रुपए तथा पोल से कनेक्शन बॉक्स लगाने के लिए 300 रुपए प्रति वर्ष के हिसाब से चार्ज देना होता है। कोई केबल-नेटवर्क कंपनी विभाग से पॉलिसी के तहत अनुमति ले सकती है। अनाधिकृत तारों को हटाने के अभियान की शुरूआत की है। जब तक सभी अनाधिकृत तारों को नहीं हटाया जाएगा, तब तक यह अभियान जारी रहेगा। ऐलनाबाद ,मंडी डबवाली , कालांवाली ,रानियां ,श्री जीवन नगर , मल्लिका के लोगों ने भी अपने नगरों में लगी अनधिकृत तारों को हटाने की मांग की है , लोगों ने इस संबंध में एक सामूहिक शिकायत पत्र उपायुक्त महोदय को भेज कर तुरंत कारवाही की मांग की है ।
