नगरपालिका में सफाई कर्मचारियों को कम वेतन देने का मामला गर्माया, राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग ने लिया संज्ञान, जिला उपायुक्त से मांगी रिपोर्ट
सफाई एजेंसी, ठेकेदार और पार्षद प्रतिनिधि की बढ़ीं मुश्किलें
रिपोर्ट: एमपी भार्गव
ऐलनाबाद: नगर पालिका ऐलनाबाद में ठेका पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों को कम वेतन दिए जाने का मामला अब राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग, नई दिल्ली तक पहुंच गया है। आयोग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला उपायुक्त को पत्र भेजकर उचित कार्रवाई करने और तथ्यात्मक रिपोर्ट शीघ्र प्रेषित करने के निर्देश दिए हैं।
आयोग की सख्ती से बिखरी सफाई व्यवस्था की पोल
आयोग की सख्त कार्रवाई से अब सफाई का ठेका लेने वाली एजेंसी, संबंधित ठेकेदार, पार्षद प्रतिनिधि और नगर पालिका के जिम्मेदार पदाधिकारी संकट में घिरते नजर आ रहे हैं। अब इन सभी पर कार्रवाई तय मानी जा रही है, जो अब तक इस व्यवस्था को नजरअंदाज करते आए हैं।
कर्मचारियों को मिलेगा पूरा वेतन, होगी कड़ी कार्रवाई
अब सफाई कर्मचारियों के बैंक खातों में पूरा वेतन भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। इसके साथ ही दोषी एजेंसी, ठेकेदार और पार्षद प्रतिनिधि के खिलाफ भी उचित कानूनी कार्रवाई की संभावना प्रबल हो गई है।
शोषण के खिलाफ मिली राहत, आयोग का सख्त रुख
राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग द्वारा उठाया गया यह कदम ठेका प्रणाली में पारदर्शिता लाने और कर्मचारियों के हकों की रक्षा की दिशा में अहम माना जा रहा है। इस पहल से सफाई कर्मचारियों को शोषण से राहत मिलने की उम्मीद है।
