Saharanpur: प्रधानाचार्य की अभद्रता के विरोध में डीआईओएस कार्यालय का घिराव, शिक्षा अधिकारियों के खिलाफ जमकर गरजे प्रदर्शनकारी
सहारनपुर, 27 मई 2025 — चकरोता रोड स्थित जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय पर आज उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया जब जनता इंटर कॉलेज अहमदपुर ब्राह्मण के प्रधानाचार्य कुलविंदर पाल द्वारा एक सम्मानित व्यक्ति वैभव पंडित के साथ की गई अभद्रता के विरोध में हिंदू युवा वाहिनी व छात्र संघ के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व छात्र संघ के नेता राहुल शर्मा ने किया। बताया गया कि जिला विद्यालय निरीक्षक सेकंड ने प्रधानाचार्य कुलविंदर पाल को आज वार्ता के लिए बुलाया था, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुए। इससे नाराज संगठन के कार्यकर्ताओं का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने कार्यालय में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी बाद में संयुक्त शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) के कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने अधिकारियों से शिकायत दर्ज कराई। संयुक्त शिक्षा निदेशक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईओएस को मौके पर बुलाकर वार्ता के निर्देश दिए।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए शिक्षक नेता डॉ. अशोक मलिक ने कहा, “देश के प्रधानमंत्री खुद को जनता का सेवक कहते हैं लेकिन शिक्षा विभाग के कुछ अधिकारी खुद को मालिक समझने लगे हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि विद्यालय के प्रधानाचार्य व शिक्षकों द्वारा की गई अभद्रता के साक्ष्य मिटाने के लिए सीसीटीवी फुटेज तक हटा दिए गए हैं।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि प्रधानाचार्य कुलविंदर पाल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, अन्यथा आंदोलन और उग्र होगा।
इस दौरान विश्व हिंदू महासंघ के प्रदेश सचिव संजय वर्मा, छात्र नेता राहुल शर्मा और पीड़ित वैभव पंडित ने कहा कि “कुछ अधिकारी सरकार को बदनाम करने में लगे हैं और भ्रष्टाचार को छुपाने का प्रयास कर रहे हैं। यदि रवैया नहीं बदला गया तो इसके परिणाम गंभीर होंगे।”
प्रदर्शन में अर्जुन पंडित, सागर शर्मा, अनुभव शर्मा, आकाश शर्मा, अंकुश बाटला, एडवोकेट सुरेंद्र कोरी, एडवोकेट मनीष मंगलम, श्रीमती उमा बाटला, केवल कृष्ण, टिंकू गुर्जर, रोहित त्यागी, मनीष राणा, हिमांशु शर्मा, अंगद शर्मा, शिवा कटारिया, रोहित कुमार, टिंकू सोनकर, सुशील राणा, मुकेश दीक्षित, राजेश सैनी समेत कई लोग उपस्थित रहे।
