हम सभी संत-महापुरूषों के इतिहास को जाने और उनकी शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात करें

मातेश्वरी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे कैबिनेट मंत्री श्री रणबीर गंगवा

ऐलनाबाद ,सिरसा, 25 मई ( एम पी भार्गव ): कैबिनेट मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि मातेश्वरी अहिल्याबाई होलकर का जीवन त्याग, पराक्रम, नेतृत्व और महिला शक्तिकरण की मिसाल है। वे कठिन परिस्थितियों में कुशल प्रशासक बनीं और अपने कार्यकाल में जनकल्याण और महिला सशक्तिकरण के अनेक कार्य किए। शनिवार को मातेश्वरी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में गांव अलीकां स्थित नेहरू निजी आईटीआई में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि संबोधित करते हुए उन्होंने मातेश्वरी अहिल्याबाई होलकर को नमन किया और उनके जीवन-सामाजिक कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होेंने कहा कि हम सभी संत-महापुरूषों के इतिहास को जाने और उनकी शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात करें।
उन्होंने कहा कि मातेश्वरी अहिल्याबाई होलकर ने उस दौर में सती प्रथा का विरोध किया, महिलाओं के लिए सेना का गठन किया और युद्ध टालने हेतु उनकी कूटनीति की आज भी सराहना होती है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के लिए बनाई गई बावड़ियाँ और कुएं आज भी मौजूद हैं, जो उनकी दूरदर्शिता और सेवा भावना का प्रतीक हैं।
कैबिनेट मंत्री गंगवा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने प्रदेश में संत-महापुरूषों की जयंती मनाने की शुरूआत की और वर्तमान में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार संत-महापुरुषों की जयंती मनाते हुए उनके आदर्शों-शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचा रही है। वहीं, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार अंत्योदय की भावना से काम कर रही है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.