ज्वेलर्स की दुकान से लाखों की चांदी-सोना चोरी, सेल्जमैन ही निकला गद्दार

तीन साल से करता था दुकान में काम, मालिक को लगा 39 लाख रुपये का चूना

  • रिपोर्ट: एम पी भार्गव

ऐलनाबाद/ सिरसा,  23 मई : सिरसा पुलिस ने संपत्ति विरुद्ध अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भादरा बाजार स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान से 24 किलो 870 ग्राम चांदी और 164 ग्राम सोना चोरी करने वाले सेल्जमैन को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले तीन वर्षों से दुकान में चांदी के काउंटर पर कार्यरत था और धीरे-धीरे कर करीब 39 लाख रुपये की चोरी को अंजाम दे गया।

पीड़ित ज्वेलर्स मालिक ने दर्ज कराई शिकायत
भादरा बाजार निवासी विष्णु सोनी पुत्र बंशी लाल ने थाना शहर सिरसा में दी शिकायत में बताया कि उनकी ‘विष्णु ट्रेडिंग कंपनी’ नामक दुकान है, जहां माधोसिंघाना निवासी अंकित कुमार पिछले तीन वर्षों से सेल्जमैन के रूप में कार्य कर रहा था। उन्होंने बताया कि पिछले 6-7 महीनों से चांदी का वजन लगातार कम पाया जा रहा था, जिससे उन्हें चोरी की आशंका हुई।

शक होने पर मालिक ने की जांच, खुला बड़ा घोटाला
विष्णु सोनी ने अपनी निजी जांच में पाया कि करीब 24 किलो 870 ग्राम चांदी और 164 ग्राम सोना दुकान से गायब है। चोरी गए आभूषणों की कुल कीमत लगभग 39 लाख रुपये आंकी गई है। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।

शहर थाना पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
थाना शहर सिरसा प्रभारी सब-इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने जानकारी दी कि शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू की गई और महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी अंकित कुमार पुत्र सुभाष चंद्र को सिरसा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर 486 ग्राम 4 मिलीग्राम चांदी बरामद की गई है।

रिमांड पर लेकर होगी और बरामदगी की कोशिश
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड अवधि के दौरान उससे बांकी चोरीशुदा चांदी और सोना की बरामदगी के लिए पूछताछ की जाएगी। पुलिस का कहना है कि चोरी के इस नेटवर्क की पूरी परतें खोली जाएंगी।

यह कार्रवाई सिरसा पुलिस के सतर्कता और तत्परता का प्रमाण है, जो लगातार नशा और संपत्ति से जुड़े अपराधों के खिलाफ गंभीरता से अभियान चला रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.