नैनवा: ओवरटेक के दौरान बोलेरो और पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत

सड़क हादसे में दो महिलाओं की दर्दनाक मौत, दूल्हा-दुल्हन समेत पांच लोग घायल

नैनवा (बूंदी)। राष्ट्रीय राजमार्ग 148 डी पर केवट नगर के पास शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जब एक रोडवेज बस को ओवरटेक करने के प्रयास में बोलेरो और पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूल्हा-दुल्हन समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोलेरो सवार लोग एक शादी समारोह से लौट रहे थे और रास्ते में रोडवेज बस को ओवरटेक करते समय उनकी गाड़ी सामने से आ रही पिकअप से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।

घायलों को तत्काल नैनवा अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद गंभीर हालत में सभी को बूंदी रैफर कर दिया गया। दूल्हा और दुल्हन की हालत नाजुक बताई जा रही है और उनका उपचार जारी है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा जिसे बाद में सुचारू किया गया।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। इस दर्दनाक हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया।

 

 

 

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.