गोविंदगढ़ नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों का फूटा दर्द: दो महीने से नहीं मिला वेतन, पीएफ भी अटका
अधिकारियों की गैरमौजूदगी से कर्मचारियों में आक्रोश, हड़ताल की चेतावनी
अलवर (राजस्थान)। नगर पालिका गोविंदगढ़ के सफाई कर्मचारियों की समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। दिनांक 14 मई 2025 को दोपहर 2 बजे सफाई कर्मचारी नगर पालिका कार्यालय, गांधी पार्क पहुंचे और अपनी पीड़ा आम जनता के समक्ष साझा की।
कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें पिछले दो महीनों से वेतन नहीं मिला है और ठेकेदारों ने अब तक पीएफ की राशि भी नहीं जमा कराई है। सफाई कर्मचारी पूरण जमादार ने कहा, “न तो हमें समय पर वेतन मिलता है और न ही पीएफ की सुविधा। कई ठेकेदार बदल चुके हैं, लेकिन हमारे पुराने बकाए आज भी अटके हुए हैं।”
नगर पालिका गोविंदगढ़ में मात्र 30 से 35 सफाई कर्मचारी पूरे शहर की सफाई का जिम्मा उठा रहे हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि न तो उन्हें सरकारी दर पर भुगतान किया जाता है और न ही समय पर स्वास्थ्य जांच होती है।
रिंकू वाल्मीकि, एक अन्य सफाई कर्मचारी ने बताया, “जब से गोविंदगढ़ में नगरपालिका बनी है, कोई अधिकारी हमारी सुनवाई नहीं करता। सफाई उपकरण और आवश्यक संसाधन समय पर नहीं मिलते। पूरे शहर की सफाई केवल तीन ट्रैक्टरों के सहारे करवाई जा रही है।”
हीरालाल गोयर नामक कर्मचारी ने महंगाई को लेकर चिंता जताते हुए कहा, “हमारा वेतन कम से कम 15 हजार रुपये मासिक होना चाहिए। न तो हमें ड्रेस मिलती है, न जूते, न ही सुरक्षा उपकरण। ठेकेदार भी हमारी समस्याएं सुनने को तैयार नहीं हैं।”
सफाई कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र ध्यान नहीं दिया गया तो वे हड़ताल पर जाएंगे, धरना प्रदर्शन करेंगे और आंदोलन को आगे भी बढ़ाया जाएगा।
शासन-प्रशासन से कर्मचारियों की अपील है कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए, ताकि वे सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर सकें और शहर की सफाई व्यवस्था सुचारु रूप से चलती रहे।
