ऐलनाबाद 15 मई ( एम पी भार्गव ).पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए, जिला की सदर थाना सिरसा पुलिस ने वैदवाला क्षेत्र में स्थित एक मकान से सोने-चांदी के आभूषण व नगदी चोरी की गुत्थी को सुलझाते हुए एक युवक को काबू कर लिया । इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान सतनाम सिंह पुत्र कुलदीप सिंह निवासी रेहन खेड़ी थाना भूना जिला फतेहाबाद के रुप में हुई है । उन्होंने बताया कि पीड़ित व्यक्ति मुकेश राम पुत्र जगदेव राम निवासी गांव वैदवाला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मेहनत मजदूरी का काम करता हुँ तथा गांव वैदवाला के नजदीक खेत में बने मकान में रहता हुँ । बीते वर्ष 2 दिसंबर को मकान पर ताला लगाकर परिवार सहित काम पर चले गए थे । दोपहर में वापस मकान पर आकर देखा तो मकान के ताले टूटे हुए मिले । घर का सामान चैक करने पर पता चला की मकान से करीब 20 तोले सोना चांदी के जेवरात व 91 हजार रुपए की नगदी कोई अज्ञात चोरी करके ले गया था । थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ थाना सदर सिरसा में चोरी का अभियोग दर्ज कर जांच शुरु की गई थी । उन्होंने बताया कि सदर थाना की एक पुलिस टीम ने जांच के दौरान महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गांव वैदवाला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया । सदर थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए युवक को अदालत में पेश कर रिमांड लिया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से पूछताछ कर चोरीशुदा सामान बरामद किया जाएगा तथा वारदात में शामिल अन्य आरोपियों के पत्ते ठिकाने मालूम कर उन्हें भी शीघ्र ही गिरफ्तार किया जाएगा ।
