रामपुर: पब्लिक ग्रीवेंस रिव्यू पोर्टल पर उत्कृष्ट कार्य के लिए एसपी ने पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
रामपुर, 05 मई 2025: जनपद रामपुर पुलिस ने पब्लिक ग्रीवेंस रिव्यू पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के शत-प्रतिशत फीडिंग और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश में आठवां स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के लिए पुलिस अधीक्षक (एसपी) रामपुर द्वारा शिकायत प्रकोष्ठ में तैनात समस्त कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
जनवरी 2024 से अप्रैल 2025 तक, पुलिस विभाग ने पोर्टल पर प्राप्त सभी शिकायती प्रार्थना पत्रों की समयबद्ध और प्रभावी फीडिंग की तथा उनका गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया। इस कार्य में निष्ठा और पारदर्शिता के साथ काम करने वाले कर्मचारियों की सराहना करते हुए एसपी ने कहा कि,
“जनता की शिकायतों का समय पर समाधान हमारी प्राथमिकता है, और इस दिशा में हमारी टीम ने एक मिसाल कायम की है।”
उन्होंने कहा कि इस सफलता का श्रेय पूरे प्रकोष्ठ की मेहनत, जिम्मेदारी और टीम वर्क को जाता है, जिसने जिले को राज्य में प्रतिष्ठा दिलाई है।
सम्मान समारोह के दौरान एसपी ने यह भी कहा कि ऐसे उत्कृष्ट कार्यों से पुलिस और आमजन के बीच भरोसे की खाई कम होती है और जनसुनवाई की प्रक्रिया और भी मजबूत होती है।
