गांव प्रताप नगर मोड़ से अमृतसर कलां तक सड़क के बरम दुरुस्त करने की मांग
ग्रामीणों ने एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपा
ऐलनाबाद, 1 मई( एमपी भार्गव) गांव प्रताप नगर मोड़ से अमृतसर कलां तक की सड़क के बरम दुरुस्त करने की मांग करते हुए आज गांव वासियों सरबजीत सिंह सिद्धू, सुखदेव सिंह, मास्टर मुख्तयार सिंह, डॉ हरजीत सिंह, बग्गा राजेवाला, सुमित विर्क सहित अनेक गणमान्य लोगों ने एक मांग पत्र स्थानीय एसडीएम को सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि इस सड़क की चौड़ाई कागजों में 27•5 फीट से लेकर 33 फीट तक है परंतु साथ लगते खेत के मालिकों द्वारा सड़क की कटाई करने के कारण सड़क की चौड़ाई अब मात्र 12 से 15 फीट तक ही रह गई है। सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण इस सड़क पर कई हादसे हो चुके हैं जिसमें दो युवकों की मौत भी हो चुकी है परन्तु स्थानीय प्रशासन व संबंधित विभाग द्वारा इस समस्या की तरफ़ कोई ध्यान नही दिया जा रहा। ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या का हल करने के लिए जून 2023 को एसडीएम ऐलनाबाद व मार्केट कमेटी ऐलनाबाद को लिखती पत्र दिया गया था तब उन्होंने सड़क की पैमाइश करवाकर निशानदेही करवा दी थी परंतु उसके आगे कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसके बाद दोबारा 26 जून 2024 को मार्केट कमेटी ऐलनाबाद को लिखित पत्र दिया गया तब मार्केट कमेटी ने 2 जुलाई 2024 को एक्सईएन को मार्क कर दिया था । एक्सईएन ने उसी दिन 2 जुलाई को बीडीपीओ ऐलनाबाद को पत्र मार्क कर दिया और उसके बाद बीडीपीओ ऐलनाबाद ने 4 जुलाई को पंचायत सेक्रेटरी अमृतसर कलां को मार्क कर दिया था लेकिन उसके बाद आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने कहा कि अब खेतों में कोई फसल नहीं है, इसलिए सड़क के किनारों पर मिट्टी लगाकर सड़क की चौड़ाई पूरी की जाए ताकि कोई बड़ा हादसा न हो।
