ऐलनाबाद, 1 मई( एमपी भार्गव )आज लोक पंचायत की मासिक बैठक बूटा सिंह प्रताप नगर की अध्यक्षता में बाबा बंता सिंह भवन में आयोजित की गई। इस अवसर पर वक्ताओं ने मजदूर दिवस की बधाई देते हुए सरकार से श्रम कानूनों में किए गए मजदूर विरोधी संशोधनों को तुरंत निरस्त करने की मांग की। बैठक के दौरान पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में मारे गए निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि देते हुए गहरा दुख व्यक्त किया गया। वक्ताओं ने कहा कि युद्ध किसी भी समस्या का समाधान नहीं है। पहलगाम घटना का इस्तेमाल सांप्रदायिक विभाजन के लिए न करने और पत्रकार नेहा सिंह राठौर के खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द करने की भी मांग की गई। बैठक में जिले में पानी की कमी को दूर करने की भी मांग की गई। इस दौरान आग की घटनाओं से जली गेहूं की फसल के लिए 65 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने, धान की सीधी बिजाई करने तथा पराली के गट्ठों का पैसा किसानों के खातों में डालने, ओटू झील तथा घग्गर नदी की खुदाई करके तटबंधों को मजबूत करने, घग्गर नदी के किनारों पर सड़कें बनाने, एनसीजी के शुरू में साइफन बनाने तथा अंत में घग्गर नदी में डालने, करीवाला-थेड बुडानिया सड़क को मंजल-थेड सड़क से जोड़ने तथा एनजीसी तथा एसजीसी नहरों में भाखड़ा के हिस्से का पानी तुरंत छोड़ने की मांग भी की गई। इस बैठक में कामरेड स्वर्ण सिंह विर्क, जिंदर सिंह, लाल सिंह, गुरचरण सिंह, सुखदेव सिंह, निर्मल सिंह, सेवा सिंह, बलविंदर सिंह, बलदेव सिंह, बंता सिंह, निरवैर सिंह, हीरा सिंह, बलकार सिंह, राजिंदर कुमार, अमरीक सिंह, सुखजिंदर सिंह, तनवीर सिंह, रिशपाल सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
