समाधान शिविर में डीडीपीओ ने सुनीं 17 जनसमस्याएं
ऐलनाबाद में जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी ने किया समस्याओं का समाधान
- रिपोर्ट: एम पी भार्गव
ऐलनाबाद, सिरसा: हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा जिला व उपमंडल स्तर पर समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को स्थानीय लघु सचिवालय के सभागार में उपायुक्त शांतनु शर्मा के मार्गदर्शन में समाधान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी (डीडीपीओ) बलजीत सिंह ने 17 जन समस्याओं को सुना।
अधिकारियों को जल्द समाधान के निर्देश
डीडीपीओ बलजीत सिंह ने समाधान शिविर में उपस्थित संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर आमजन की समस्याओं के निवारण का एक प्रभावी मंच बनकर उभर रहे हैं।
उपमंडल स्तर पर भी आयोजित हुए शिविर
डीडीपीओ ने बताया कि ऐलनाबाद के साथ-साथ कालांवाली और डबवाली उपमंडल में भी समाधान शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में स्थानीय स्तर पर नागरिकों की समस्याओं को सुना गया और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
हर सोमवार और वीरवार को आयोजित किए जाएंगे समाधान शिविर
उन्होंने बताया कि प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक जिला और उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। नागरिक अपनी शिकायतें सीधे उपमंडल या जिला स्तर पर पहुंचाकर समाधान प्राप्त कर सकते हैं। इस पहल का उद्देश्य लोगों को त्वरित और सुगम राहत प्रदान करना है।
