- रिपोर्ट: एम.पी. भार्गव
ऐलनाबाद: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए निर्दोष हिंदू पर्यटकों की हत्या के विरोध में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने ऐलनाबाद में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। कार्यकर्ताओं ने इस क्रूर घटना को कायरतापूर्ण और अमानवीय बताया और आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
धर्म पूछ कर की गई हत्या की निंदा
बजरंग दल कार्यकर्ताओं का कहना है कि आतंकियों ने पहले पर्यटकों की धर्म पूछी, फिर उन पर हमला कर उनकी नृशंस हत्या कर दी। यह न केवल आतंकवाद का जघन्य चेहरा है, बल्कि समाज को जात-पात के आधार पर बांटने की कोशिश भी है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि भारत एकता का प्रतीक है और किसी भी सूरत में ऐसे घिनौने मंसूबों को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा।
मौन श्रद्धांजलि और देशभक्ति के नारे
कार्यक्रम में मौजूद सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने मारे गए हिंदू भाइयों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। सभा के अंत में “ओम शांति” के साथ भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाए गए। साथ ही “जात-पात में नहीं बटेंगे, आतंकवाद को खत्म करेंगे” जैसे नारों से आतंक के खिलाफ एकजुटता दिखाई गई।
एसडीएम को सौंपा गया ज्ञापन
सभा के बाद कार्यकर्ताओं ने माननीय एसडीएम पारस भगोरिया को एक ज्ञापन सौंपा जिसमें केंद्र सरकार से मांग की गई कि आतंकियों को ऐसी सख्त सजा दी जाए जिससे भविष्य में कोई इस तरह का कृत्य न कर सके।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस श्रद्धांजलि सभा में बजरंग दल के कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे जिनमें प्रखंड अध्यक्ष रविंद्र मित्तल, उपाध्यक्ष एमपी तंवर, बजरंग दल संयोजक शुभम सैनी, जिला संपर्क प्रमुख वेद मित्र गुप्ता, देवेंद्र गोयल (मीडिया प्रभारी), संजय वर्मा, महेश चौहान, विष्णु तंवर, सुरताराम सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।
