लखनऊ: घंटाघर क्षेत्र में पुलिस की सख्त पैदल गश्त, अपराधियों में दहशत, जनता में भरोसा

डीसीपी पश्चिम जोन के निर्देशन में चौक और ठाकुरगंज पुलिस का एक्शन

लखनऊ:  घंटाघर क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पश्चिम ज़ोन की पुलिस ने सघन पैदल गश्त अभियान चलाया। डीसीपी पश्चिम ज़ोन विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में यह गश्त एडीसीपी धनंजय सिंह कुशवाहा और एसीपी चौक राजकुमार सिंह के नेतृत्व में की गई।

गली-चौराहों पर पैनी नजर, संदिग्धों से सख्त पूछताछ
पुलिस बल ने घंटाघर क्षेत्र की गलियों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर सतर्क निगरानी रखी। गश्त के दौरान कई संदिग्ध व्यक्तियों से सख्त पूछताछ की गई और उनकी गतिविधियों पर नजर रखी गई। यह कार्रवाई अपराधियों के खिलाफ कड़ा संदेश देने की दिशा में एक ठोस कदम मानी जा रही है।

चौक और ठाकुरगंज थानों की सक्रिय भूमिका
चौक थाना प्रभारी नागेश उपाध्याय और ठाकुरगंज थाना प्रभारी श्रीकांत राय ने भी भारी पुलिस बल के साथ इस अभियान में भाग लिया। उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया और पुलिस की सतत मौजूदगी का संदेश दिया।

अपराधियों को सख्त संदेश, जनता में बढ़ा आत्मविश्वास
इस सघन पैदल गश्त का असर क्षेत्र में स्पष्ट रूप से देखा गया। जहां अपराधियों में दहशत का माहौल बना, वहीं आम नागरिकों में पुलिस की सक्रियता से आत्मविश्वास और संतोष की भावना दिखाई दी। पुलिस की इस मुहिम से यह साफ संकेत गया है कि अब अपराधियों को किसी भी तरह की रियायत नहीं मिलेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.