Pahalgam Terror Attack: हमले के बाद देश में उबाल, पहलगाम हमले में शामिल थे दो पाकिस्तानी और दो स्थानीय आतंकी
- रिपोर्ट- मजंय वर्मा
श्रीनगर, 23 अप्रैल — जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले के बाद देशभर में आक्रोश की लहर दौड़ गई है। इसी बीच मंगलवार को अनंतनाग के बायसरन घाटी में हुए आतंकी हमले से जुड़ी बड़ी जानकारी सामने आई है। जांच एजेंसियों के अनुसार, इस हमले में दो पाकिस्तानी और दो स्थानीय आतंकियों की संलिप्तता पाई गई है।
हमले में अब तक 26 पर्यटकों की मौत हो चुकी है, जबकि 17 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। आतंकियों ने करीब 20 मिनट तक एके-47 राइफलों से अंधाधुंध फायरिंग की थी, जिसमें मासूम पर्यटकों को निशाना बनाया गया।
हमले के पीछे शामिल आतंकियों में दो की पहचान स्थानीय के रूप में हुई है —
आदिल अहमद ठाकुर, निवासी गुरी, बिजबेहड़ा, जिसका संबंध लश्कर-ए-तैयबा से बताया जा रहा है।
आशिफ शेख, निवासी मोंघामा, मीर मोहल्ला (त्राल), जिसका संबंध जैश-ए-मोहम्मद से जोड़ा जा रहा है।
सुरक्षा एजेंसियों ने हमले में शामिल तीन आतंकियों के स्केच भी जारी कर दिए हैं और पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि कुछ आतंकियों ने हमले के दौरान बॉडी कैमरा पहन रखा था, जिससे उन्होंने पूरी वारदात को रिकॉर्ड किया।
हमले के बाद से सेना, एनआईए, स्थानीय पुलिस और अन्य एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं। ड्रोन और हेलीकॉप्टर के जरिए पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है। जम्मू-कश्मीर से लेकर दिल्ली तक सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
इस क्रूर हमले ने देश को झकझोर कर रख दिया है। केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही उन्हें न्याय के कठघरे में लाया जाएगा।
