युवाओं को साइक्लोथॉन में भाग लेने के लिए प्रेरित करे पुलिसः विक्रांत भूषण

ऐलनाबाद,21 अप्रैल( एमपी भार्गव ): पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने सोमवार को सभी डीएसपी, थाना प्रभारियों व पुलिस चौकी इंचार्जों को निर्देश देते हुए कहा है कि हरियाणा सरकार द्वारा आमजन व युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करने के लिए प्रदेश भर में साइक्लोथॉन का आयोजन किया जा रहा है। यह साइक्लोथॉन यात्रा 26 अप्रैल को जिला सिरसा में प्रवेश करेगी जहां इसका भव्य स्वागत किया जाएगा। 27 अप्रैल को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सुबह 6 बजे बतौर मुख्य अतिथि सिरसा के शहीद भगत सिंह स्टेडियम में पहुंचकर साइक्लोथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। मुख्यमंत्री युवाओं को नशे के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने
का संकल्प लेंगे और आमजन को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने का भी संदेश देंगे। इसलिए सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए जाते हैं कि अपने-अपने थाना क्षेत्रों में नुक्कड़ सभा का आयोजन कर गणमान्य लोगों व युवाओं को ज्यादा से ज्यादा साइक्लोथॉन में पहुंचने के लिए प्रेरित करें। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान में युवाओं को शामिल करना बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि वे भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की इस पहल से न केवल बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी मिलेगी, बल्कि उन्हें नशे के खिलाफ लड़ने के लिए प्रेरित भी किया गया। पुलिस अधीक्षक ने आमजन से आह्वान किया है कि वे जिला से होकर गुजरने वाली साइक्लोथॉन में बढ़-चढ़कर भाग लें और नशे के खिलाफ लड़ाई में अपना योगदान दें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.