राज्य महिला आयोग की सदस्या ने की महिला जनसुनवाई, राज्य महिला आयोग पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाए जाने के लिए प्रतिबद्ध
महिलाओं को न्याय दिलाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाये
रामपुर: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता सैनी ने विकास भवन सभागार में महिला जनसुनवाई की। सदस्य ने जनसुनवाई के दौरान कहा कि राज्य महिला आयोग महिला उत्पीड़न की रोकथाम तथा पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाए जाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिला उत्पीड़न से सम्बन्धित प्रकरण संज्ञान में आने पर तत्काल जांच कराकर नियमानुसार विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। इस दौरान सुनीता सैनी ने पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को गम्भीरतापूर्वक सुनकर सम्बन्धित अधिकारी एवं थाना प्रभारी से दूरभाष पर वार्ता कर प्रकरण की जांचने और नियमानुसार विधिक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
महिला जनसुनवाई में 25 पीड़ित महिलाओं ने सदस्य को प्रार्थना पत्र देकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया, जिसमें से 12 शिकायतों का निस्तारण मौके पर किया गया। जनसुनवाई में अधिकतर मामले भूमि विवाद, घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न और आवास से सम्बन्धित रहे। सदस्य ने अधिकारियों से विभिन्न विभागों द्वारा चलायी जा रही महिलाओं के उत्थान से सम्बन्धित कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर रिपोर्ट प्रेषित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी प्रतिभा पाल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कल्पना देवी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सूरज कुमारी व महिला थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
