हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के डेलीगेट नवीन केडिया ने प्रदेश के कई जिलों में अंधड़ और बारिश के कारण फसलों को हुए नुकसान पर चिंता जाहिर की
ऐलनाबाद सिरसा 12 अप्रैल ,( एम पी भार्गव ,)
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के डेलीगेट नवीन केडिया ने प्रदेश के कई जिलों में अंधड़ और बारिश के कारण फसलों को हुए नुकसान पर चिंता जाहिर की है और सरकार से फसलों की विशेष गिरदावरी करवा कर प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग की है। यहां जारी बयान में नवीहन केडिया ने कहा कि हरियाणा के किसान केंद्रीय पूल में सर्वाधिक अन्न उत्पादन करके भेजते है।
प्राकृतिक आपदा से किसानों को भारी नुकसान हुआ है और गेंहू की फसल कई जगह बिलकुल बिछ गई है, सिरसा जिला गेंहू के उत्पादन में हमेशा अव्वल रहा है। इस बार भी सिरसा में एक लाख 70 हजार हेक्टेयर भूमि पर गेंहू की बिजाई की गई है। बरसात और अंधड़ से जहां फसलों को नुकसान पहंुचा है वहीं आसमानी बिजली गिरने चौपटा क्षेत्र में दो पशुओं की मौत भी हुई है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि जहां किसान प्राकृतिक प्रकोप से प्रभावित हुए है वहीं, हिसार और यमुनानगर में प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर किसानों की फसल पर समय से पहले कंबाइन चला दी गई, जिससे किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ा है। केडिया ने हरियाणा सरकार से मांग की है कि प्रदेश में किसानों को हुए भारी नुकसान की भरपाई करे और जिन किसानों को प्राकृतिक प्रकोप से अन्य तरह के नुकसान की भी क्षतिपूर्ति करे।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में किसानों की लगातार हो रही अनदेखी के कारण किसान काफी परेशान है और उनको आंदोलनों का सहारा लेना पड़ा। सरकार को चाहिए कि समय रहते किसानों को हरसंभव सहायता प्रदान करे अन्यथा कांग्रेस पार्टी इसका सदन से सड़क तक विरोध करेगी।
