मुस्लिमों को सौगात की नहीं मोहब्बत, विश्वास और परस्पर सहयोग की जरूरत: कपूर

रामपुर, 28 मार्च। कांग्रेस के पूर्व विधायक संजय कपूर ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली भाजपा सरकार द्वारा ‘सौगात-ए-मोदी’ अभियान के माध्यम से पिछले 11 सालों से हिन्दू और मुसलमान के बीच खोदी गई खाई को भरा नहीं जा सकता है।

जिला और शहर कांग्रेस के द्वारा आयोजित “पैगाम – ए – मोहब्बत” कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संजय कपूर ने कहा है कि भाजपा एक तरफ तो ‘सौगात-ए-मोदी’ जैसे अभियान के जरिए मुस्लिम समुदाय तक पहुंचने की नाकाम कोशिश कर रही है, वहीं दूसरी ओर उसकी राजनीतिक बयानबाजी और नीतियां मुस्लिमों के प्रति नफरत की तस्वीर पेश करती हैं।

कांग्रेस के जिलाध्यक्ष प्रमिल कुमार शर्मा “निक्कू पंडित” ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा “कपड़ों से पहचानने” जैसी टिप्पणी करना, भैंस खोलकर ले जाने की बात करना, और ऐतिहासिक मस्जिदों की खुदाई कराकर उनमें मूर्तियाँ खोजने की कवायद कराना – यह सब भाजपा की सांप्रदायिक राजनीति का हिस्सा बताया जा रहा है।

इतिहास के नाम पर मुस्लिम शासकों को खलनायक बनाना, बहुसंख्यक समुदाय के बीच यह धारणा बनाना कि मुस्लिम उनके दुश्मन हैं, और चुनावी लाभ के लिए हिंदू-मुस्लिम ध्रुवीकरण की घिनौनी राजनीति करती है।
एआईसीसी सदस्य मुतिउर रहमान “बब्लू” ने कहा कि ‘सौगात-ए-मोदी’ अभियान केवल एक दिखावटी कदम है, जिससे भाजपा अपनी कट्टर हिंदुत्ववादी छवि को संतुलित करने की कोशिश कर रही है?

बब्लू ने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार दोनों सम्प्रदाय में नफरत फैलाने का अभियान चला रही है। मुस्लिमों को मुफ्त में बांटी जाने वाली किट की नहीं, बल्कि विश्वास और मोहब्बत की जरूरत है।
इसी सोच के तहत कांग्रेस ने अलविदा जुम्मा (रमज़ान के आखिरी शुक्रवार) के मौके पर रामपुर की जामा मस्जिद के सामने ‘मोहब्बत की दुकान’ नामक एक अनोखी पहल की।

बब्लू ने कहा कि इस पहल के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुस्लिम भाइयों को गुलाब का फूल भेंट किया और प्रेम, भाईचारे, आपसी विश्वास तथा सहयोग का संदेश दिया।
गुलाब का यह प्रतीकात्मक उपहार कांग्रेस के ‘नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान’ वाले संदेश को दर्शाता है, जिसे राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मजबूत किया था।
इस अवसर पर कांग्रेस के शहर अध्यक्ष बाकर अली खां उर्फ़ हारून खां, इंटक जिलाध्यक्ष उमेश दुबे, युवा पीसीसी सदस्य सचिन त्रिवेदी कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अरसलान खां, अल्पसंख्यक कांग्रेस के प्रदेश महासचिव मुईन पठान एवं साहिर खां, पीसीसी सदस्य शारिब अली खां, अल्पसंख्यक कांग्रेस के शहर अध्यक्ष वारिस मियां, एन.एस.यू.आई. के जिलाध्यक्ष कलीम अहमद, यूथ कांग्रेस के शहर अध्यक्ष यासिर शाह खां, यूथ कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष इकराम अली, अरशद अली खां के पुत्र अजान अली खां एवं आबान अली खां, यूथ जिला सचिव असीर अहमद, सालार उर रहमान आदि उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.