नैनी स्टोन क्रेशर की दीवार पर बैठे तेंदुए की वीडियो वायरल

क्रेशर पर काम करने वाले कर्मचारियों में हड़कंप, काम पर जाना किया बंद

रामपुर: नैनी स्टोन क्रेशर की दीवार पर बैठे तेंदुए का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से इलाके में दहशत फैल गई है। इस खौफनाक घटना के बाद स्टोन क्रेशर के कर्मचारियों ने काम पर जाना बंद कर दिया है। तेंदुए की मौजूदगी से न केवल कर्मचारी, बल्कि आसपास के किसानों में भी डर का माहौल बना हुआ है। किसान भी जंगलों में एकत्र होकर जाने को मजबूर हो गए हैं।

गौरतलब है कि जनपद रामपुर की नगर पंचायत मसवासी और आसपास के गांवों में तेंदुए का आतंक लगातार बढ़ रहा है। बीते रविवार को करीमपुर में पूर्व प्रधान सरदार हरमेल सिंह के फार्म हाउस के पास तेंदुआ एक कुत्ते को जबड़े में दबाकर ले गया था, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई थी।

तेंदुए की दहशत के चलते शाम होते ही ग्रामीण अपने घरों में बंद हो जाते हैं। दिन में भी किसान खेतों पर समूह में जाने को मजबूर हैं। सोमवार को नैनी स्टोन क्रेशर की दीवार पर बैठे तेंदुए की वीडियो वायरल होने से स्थिति और गंभीर हो गई है।

वन विभाग के डिप्टी रेंजर कुंदन सिंह भंडारी ने कहा कि वीडियो की जानकारी मिल चुकी है और तेंदुए की लोकेशन ट्रेस की जा रही है। जैसे ही लोकेशन का पता चलेगा, तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजड़ा लगाया जाएगा। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि तेंदुए की लगातार उपस्थिति के बावजूद वन विभाग की टीम ने अभी तक क्षेत्र का निरीक्षण नहीं किया है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.