मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से अधिकारियों को दिए निर्देश: व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करें, जन शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें

बदायूं। रविवार शाम 7 बजे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, और पुलिस अधीक्षकों के साथ विभिन्न विकास कार्यक्रमों, आगामी त्योहारों और कानून व्यवस्था पर चर्चा की। इस समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। जनपद से जिलाधिकारी निधि श्रीवास्तव सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी इस बैठक में जुड़े।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी विकास कार्यों को समय पर पूर्ण किया जाए और जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित किया जाए। उन्होंने खासतौर पर आइजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता पर सुलझाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राहत सामग्री और आवश्यक सेवाएं पीड़ित परिवारों तक समय से पहुंचाई जाएं। उन्होंने कहा कि बाढ़ पीड़ितों को सभी जरूरी सुविधाएं और सामग्री सही समय पर उपलब्ध होनी चाहिए, और इसमें कोई कोताही न हो।

गोवंश संरक्षण पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि निराश्रित गोवंश सड़क पर नहीं दिखने चाहिए। गोशालाओं में उनके लिए उच्च गुणवत्ता का चारा और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए। बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए गोशालाओं में सभी जरूरी व्यवस्थाएं की जाएं और पशु चिकित्सा अधिकारी नियमित रूप से गोवंश का स्वास्थ्य परीक्षण और टीकाकरण सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि आगामी त्योहारों के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं ताकि शांति और सद्भाव बना रहे। उन्होंने अधिकारियों से सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए और कहा कि जनहित और लोक कल्याणकारी विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।

इस समीक्षा बैठक में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

 

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.