इजरायल ने फिलिस्तीन के एक स्कूल पर किया हमला, 30 की मौत

गाजा: इस्राइल और हमास के बीच पिछले नौ महीनों से भी अधिक समय से चल रहे भीषण संघर्ष के बीच, इस्राइली सेना ने शनिवार को गाजा के मध्य क्षेत्र दीर अल-बलाह में स्थित एक स्कूल को निशाना बनाया। इस हमले में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई और 100 से अधिक नागरिक घायल हो गए। यह स्कूल गाजा के सबसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में से एक में स्थित है।

फलस्तीनी स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि इस्राइल के हमले में 30 लोग मारे गए हैं। वहीं, इस्राइली सेना का दावा है कि उसने हमास के कमांड सेंटर को निशाना बनाया है। आईडीएफ (इस्राइली डिफेंस फोर्स) ने एक बयान में कहा कि स्कूल का इस्तेमाल हमास द्वारा उनके सैनिकों पर हमले करने और हथियारों को जमा करने के लिए किया जा रहा था। सेना ने कहा कि हमले से पहले वहां के नागरिकों को चेतावनी दी गई थी।

घायलों को अल-अक्सा अस्पताल में भर्ती कराया गया
घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से दीर अल-बलाह के अल-अक्सा अस्पताल में ले जाया गया। कुछ घायल पैदल भी पहुंचे, जिनके कपड़े खून से सने हुए थे। इस्राइली सेना ने हमास पर नागरिकों की आड़ में हमले करने और घनी आबादी वाले इलाकों, स्कूलों और अस्पतालों को निशाना बनाने का आरोप लगाया है, हालांकि हमास ने इससे इनकार किया है।

खान यूनिस के इलाकों को खाली करने का आदेश
फलस्तीनी मीडिया के अनुसार, दक्षिणी शहर खान यूनिस में इस्राइल के हमलों में 14 फलस्तीनी मारे गए और उनके शवों को नासिर मेडिकल कॉम्पलैक्स लाया गया। आईडीएफ ने हाल ही में फलस्तीनी नागरिकों को खान यूनिस के दक्षिणी इलाकों को अस्थायी रूप से खाली करने का निर्देश दिया है ताकि वहां सैन्य अभियान चलाया जा सके। उन्हें अल-मवासी क्षेत्र में स्थानांतरित होने के लिए कहा गया है।

संघर्ष में 39,000 से अधिक फलस्तीनी मारे गए
गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, युद्ध शुरू होने के बाद से 39,000 से अधिक फलस्तीनी मारे जा चुके हैं। इस्राइली अधिकारियों का अनुमान है कि हमास और इस्लामिक जिहाद समूहों के करीब 14,000 आतंकवादी भी मारे गए हैं। संघर्ष की शुरुआत पिछले साल 7 अक्टूबर को हुई थी, जब हमास ने दक्षिण इस्राइल पर हमला किया था, जिसमें लगभग 1,200 इस्राइली मारे गए थे और 250 लोगों को बंधक बना लिया गया था।

 

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.