यूपी: 25 मई को 14 लोकसभा सीटों पर मतदान, मेनका गांधी समेत चुनावी मैदान में ये नेता

लखनऊ। पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी सहित कई हाई-प्रोफाइल उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला शनिवार को होगा क्योंकि लोकसभा चुनाव के छठे चरण में उत्तर प्रदेश की 14 सीटों पर मतदान होगा। जहां पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी, तृणमूल कांग्रेस के ललितेश पति त्रिपाठी और भोजपुरी फिल्म अभिनेता दिनेश लाल यादव निरहुआ समेत 162 उम्मीदवारों की तकदीर का फैसला होगा। राज्य की इन 14 सीट पर लोकसभा चुनाव के साथ-साथ बलरामपुर की गैसड़ी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए भी मतदान 25 मई को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि 25 मई को होने वाले मतदान को सकुशल, निष्पक्ष व शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए शुक्रवार को मतदेय स्थलों के लिए मतदान कर्मी दल रवाना होंगे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में 146 पुरुषों और 16 महिलाओं सहित 162 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि गैसारी में सात उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

चुनावी मैदान में ये नेता
इलाहाबाद सीट पर पूर्व राज्यपाल केसरीनाथ त्रिपाठी के बेटे भाजपा उम्मीदवार नीरज त्रिपाठी का मुकाबला ‘इंडिया’ गठबंधन से कांग्रेस कोटे के उम्मीदवार और पूर्व मंत्री उज्जवल रमण सिंह से है। आजमगढ़ सीट पर निवर्तमान भाजपा सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ का मुकाबला समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव से है। धर्मेंद्र यादव 2022 में इस सीट पर हुए उपचुनाव में निरहुआ से हार गए थे। जौनपुर सीट पर बहुजन समाज पार्टी के मौजूदा सांसद श्‍याम सिंह यादव को पार्टी ने फिर चुनाव मैदान में उतारा है, जिनका मुकाबला सपा उम्मीदवार तथा पूर्व मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा और भाजपा के कृपाशंकर सिंह से है। भदोही में भाजपा ने अपने निवर्तमान सांसद रमेश बिंद की जगह विधायक विनोद कुमार बिंद को मैदान में उतारा है जिनके मुकाबले विपक्षी दलों के ‘इंडिया’ गठबंधन ने तृणमूल कांग्रेस के ललितेश पति त्रिपाठी को प्रत्याशी बनाया है।

उत्तर प्रदेश में लोकसभा की कुल 80 सीट में से 53 पर पिछले पांच चरणों में मतदान संपन्न हो चुका है और छठे चरण में 14 सीट पर शनिवार को मतदान के बाद सातवें चरण में 13 सीट पर एक जून को मतदान होगा और चार जून को मतगणना होगी।

 

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.