तुर्किये में विपक्ष पर शिकंजा, दक्षिणी शहरों के तीन मेयर गिरफ्तार

इस्तांबुल, 5 जुलाई : दक्षिण तुर्किये के तीन प्रमुख शहरों के मेयरों को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह कार्रवाई विपक्ष पर बढ़ते सरकारी शिकंजे का हिस्सा मानी जा रही है। तुर्किये में इस्तांबुल के मेयर की गिरफ्तारी के बाद विपक्षी नेताओं की ये ताजा गिरफ़्तारियां हैं।

कौन-कौन हुए गिरफ्तार?
सरकारी समाचार एजेंसी आनादोलु के अनुसार, अडियामान के मेयर अब्दुर्रहमान तुत्देरे और अडाना नगर निगम के प्रमुख ज़ेयदान करालार, दोनों को शनिवार तड़के छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किया गया। दोनों नेता तुर्किये की मुख्य विपक्षी पार्टी रिपब्लिकन पीपुल्स पार्टी (CHP) के सदस्य हैं।

तीसरे मेयर, एंटाल्या के मेयर मुहितिन बोसेक, को रिश्वतखोरी के एक अलग मामले में दो अन्य आरोपियों के साथ गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तारियां कैसे और क्यों हुईं?
इस्तांबुल के मुख्य लोक अभियोजक कार्यालय द्वारा चलाए गए एक संगठित अपराध, घूसखोरी और निविदा हेराफेरी की जांच के तहत करालार और तुत्देरे सहित कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि अभी तक अभियोजन पक्ष ने इन आरोपों का विस्तृत ब्यौरा साझा नहीं किया है।

पृष्ठभूमि और बढ़ता तनाव
इस्तांबुल के मेयर एकरेम इमामोग्लू, जिन्हें राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोआन की 22 साल की सत्ता के सबसे बड़े राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी के रूप में देखा जाता है, को चार महीने पहले भ्रष्टाचार के आरोप में जेल भेजा गया था। इसके बाद से CHP नेताओं के खिलाफ गिरफ्तारियों की बाढ़ सी आ गई है।

पिछले सप्ताह इजमिर के पूर्व मेयर और 137 नगर अधिकारियों को कथित निविदा घोटालों के मामले में गिरफ्तार किया गया था। शुक्रवार को पूर्व मेयर तुंच सोयर समेत 59 लोगों को मुकदमे की सुनवाई तक जेल भेज दिया गया। उनके वकील ने इस फैसले को “राजनीतिक और गैरकानूनी” बताया।

विपक्ष का क्या कहना है?
CHP का कहना है कि इन गिरफ्तारियों का उद्देश्य विपक्ष को कमजोर करना और 2024 के स्थानीय चुनावों में मिली उनकी सफलताओं को पलटना है। सरकारी पक्ष का कहना है कि यह कार्रवाई न्यायिक स्वतंत्रता के तहत हो रही है।

क्या हो सकता है आगे?
तुर्किये में अगला आम चुनाव 2028 में निर्धारित है, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए इसे जल्द भी कराया जा सकता है। इस बीच, CHP ने जेल में बंद इमामोग्लू को ही अपना राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किया है।

साभार- (पीटीआई)

Leave A Reply

Your email address will not be published.