व्यक्ति की हत्या कर शव जंगल में फेंकने के मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच DLF की बड़ी कार्रवाई
फरीदाबाद। ताजुपुर गांव के जंगल में एक युवक का शव मिलने के मामले का खुलासा करते हुए क्राइम ब्रांच DLF की टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला थाना भूपानी में दर्ज किया गया था।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि ताजुपुर गांव के सरपंच पवन ने शिकायत दी थी कि गांव के चरागाह में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
जांच के दौरान क्राइम ब्रांच DLF ने कार्रवाई करते हुए सोहेल खान (23) निवासी दयाल नगर, आजाद खान (28) निवासी सेहतपुर फरीदाबाद और शिवशंकर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि मृतक की पहचान दिनेश निवासी ग्रीन फील्ड कॉलोनी के रूप में हुई। मृतक और तीनों आरोपी आपस में दोस्त थे। 31 जनवरी को चारों सोहेल के ऑटो में बैठकर जैतपुर नजदीक दुर्गा बिल्डर के पास नशा करने के लिए पहुंचे, जहां उनका आपस में झगड़ा हो गया।
झगड़े में सोहेल ने दिनेश के सिर पर ईंट मार दी, आजाद ने उसकी गर्दन पर पैर रख दिया और शिवशंकर ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी। बाद में शव को ऑटो में रखकर ताजुपुर गांव के जंगल में फेंक दिया गया।
पुलिस जांच में यह भी पता चला कि तीनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से है। फिलहाल आरोपी सोहेल और आजाद को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि शिवशंकर को जेल भेज दिया गया है।
