फेसबुक-व्हाट्सएप समेत 26 सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म होंगे बंद

काठमांडू। नेपाल दूरसंचार प्राधिकरण (एनटीए) ने देश के सभी इंटरनेट सेवा प्रदाताओं को 26 प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स बंद करने का निर्देश जारी कर दिया है। यह कदम सर्वोच्च न्यायालय के आदेश, नेपाल सरकार की मंत्री परिषद के निर्णय और संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की मंत्री स्तरीय बैठक के निर्देशों के आधार पर उठाया गया है।

प्राधिकरण के उप निदेशक सूर्य प्रसाद लामीछाने ने बताया कि फेसबुक, व्हाट्सएप और यूट्यूब सहित 26 प्लेटफॉर्म नेपाल में ब्लॉक किए जाएंगे। उनका कहना है कि नेपाल में संचालित लेकिन सरकार के पास पंजीकृत न होने वाले प्लेटफॉर्म्स को निष्क्रिय करने का निर्णय लिया गया है।

बंद होने वाले प्लेटफॉर्म्स की सूची

फेसबुक, मैसेंजर, इंस्टाग्राम, यूट्यूब, व्हाट्सएप, एक्स (ट्विटर), लिंक्डइन, स्नैपचैट, रेडिट, डिस्कॉर्ड, पिनटेरेस्ट, सिग्नल, थ्रेड्स, वीचैट, क्वोरा, टम्बलर, क्लबहाउस, मैस्टोडॉन, रंबल, मीबी, वीके, लाइन, इमो, जालो, सोल और हैमरो पैट्रो।

क्यों लिया गया यह फैसला?

नेपाल सरकार ने 27 अगस्त को सभी सोशल मीडिया कंपनियों को 7 दिन का अल्टीमेटम दिया था। इसमें कहा गया था कि कंपनियां नेपाल सरकार के पास पंजीकरण कराएं, स्थानीय संपर्क व्यक्ति और शिकायत निवारण अधिकारी नियुक्त करें, तथा सामग्री की निगरानी और आत्म-नियमन की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

लेकिन अधिकांश कंपनियों ने इन नियमों का पालन करने से इनकार कर दिया। इसके बाद सरकार ने इन्हें नेपाल में ब्लॉक करने का आदेश दे दिया।

इस बड़े कदम से नेपाल में इंटरनेट उपयोगकर्ताओं को सीधे तौर पर प्रभावित होना तय है, क्योंकि इनमें से अधिकांश प्लेटफॉर्म रोज़मर्रा के संचार और सूचना आदान-प्रदान का अहम हिस्सा हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.