रामपुर: जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह के निर्देश पर अनधिकृत रूप से संचालित यात्री वाहनों के विरुद्ध चल रहे अभियान के तहत परिवहन एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा चेकिंग की कार्रवाई की गयी।
यात्रीकर अधिकारी होरी लाल वर्मा ने बताया कि यह अभियान टांडा-स्वार रोड, मिलक-केमरी रोड, मंडी चौक से खोद तक तथा कोसी नदी से शहजाद नगर हाइवे मार्ग पर अनधिकृत रूप से संचालित वाहनों के विरुद्ध चलाया गया, जिसके अंतर्गत 2 बसों पर कार्रवाई की गयी। इसके अतिरिक्त जिन ऑटो व टेम्पो के फिटनेस, परमिट आदि समाप्त हो जाने के बावजूद सड़कों पर दौड़ रहे ऐसे 12 वाहनों और 8 ओवरलोड खनन वाहनों के विरुद्ध प्रवर्तन की कार्रवाई की गयी। यात्रीकर अधिकारी ने बताया कि इस प्रकार इन सभी 22 वाहनों को जनपद के विभिन्न थानों में सीज किया गया। उन्होंने बताया कि इस प्रवर्तन कार्रवाई में परिवहन विभाग को लगभग 6 लाख रुपये की राजस्व प्राप्ति होगी।
