बारह रबी उल अव्वल पर वर्क संस्था द्वारा किया गया 18वां निशुल्क मेडिकल कैंप

रामपुर। वर्क संस्था और हिन्द भाईचारा सेवा समिति द्वारा परंपरा को आगे बढ़ाते हुए बारह रबी उल अव्वल के अवसर पर अठारहवां निशुल्क मेडिकल कैंप आयोजित किया गया। इस कैंप में शहरभर से लगभग 2000 लोगों ने स्वास्थ्य लाभ उठाया। मरीजों को तीन दिन की दवाइयां मुफ्त दी गईं और ब्लड टेस्ट की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, जिसकी रिपोर्ट संस्था के कार्यालय, बाजार नासरुल्लाह खान से वितरित की जाएगी।

कैंप में रामपुर के 32 से अधिक वरिष्ठ डॉक्टरों ने अपना कीमती समय देकर निशुल्क सेवाएं प्रदान कीं। संस्था की ओर से यह लगातार 18वां मेडिकल कैंप था।

मानवता सेवा को बताया सबसे बड़ी सेवा

हिन्द भाईचारा सेवा समिति के अध्यक्ष धनंजय पाठक ने कहा कि “यह दिन एक महापुरुष का जन्मदिन है और इस अवसर पर मानवता की सेवा करना ही सबसे बड़ी सेवा है। मेडिकल कैंप का उद्देश्य उन लोगों की मदद करना है जो डॉक्टर की फीस और दवाइयां खरीदने में सक्षम नहीं हैं।”

संस्था का संदेश – रहमत के कार्य करें

वर्क संस्था के अध्यक्ष अल्लामा सैयद अब्दुला तारीक ने बताया कि “हम पिछले 18 सालों से बारह रबी उल अव्वल पर निशुल्क मेडिकल कैंप आयोजित कर रहे हैं। हमारी संस्था हिंदुस्तान ही नहीं बल्कि विदेशों में भी इस दिन मानवता की सेवा करती है। पूरे माह हम अलग-अलग रहमत के कार्य करते हैं—कभी खाना खिलाते हैं, कभी पेड़ लगाते हैं, तो कभी साफ-सफाई अभियान चलाते हैं। हमारा संदेश है कि पैग़म्बर साहब रहमतुलील आलमीन हैं और हमें भी रहमत के कार्य करने चाहिए।”

कैंप की सफलता में वर्क संस्था के सभी कार्यकर्ताओं ने पूरा योगदान दिया और इसे एक मानवता सेवा का उदाहरण बना दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.