प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत 168 परियोजनाओं को मिली मंजूरी

झींगा पालन क्लस्टर और एक्वा पार्क के लिए भूमि चिन्हित करने पर हुआ विचार-विमर्श

  • रिपोर्ट: एम पी भार्गव

सिरसा: प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत जिला स्तरीय समिति की बैठक अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने, किसानों को आत्मनिर्भर बनाने और क्षेत्र में रोजगार के अवसर सृजित करने को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।

168 परियोजनाओं को स्वीकृति
बैठक में वर्ष 2025-26 के लिए कुल 168 प्रोजेक्ट्स को स्वीकृति प्रदान की गई। इन योजनाओं में मछली पालन हेतु तालाब खुदाई, वातानुकूलित वाहन, आइस बॉक्स, फिश फीड मील और खारे पानी में झींगा पालन शामिल हैं। जिला मत्स्य अधिकारी जगदीश चंद्र ने बताया कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य जिले में मत्स्य पालन को उद्योग के रूप में विकसित करना है। पात्र किसानों को विभागीय अनुमोदन के बाद अनुदान भी प्रदान किया जाएगा।

सिरसा बनेगा झींगा पालन क्लस्टर
जिले को झींगा पालन के लिए क्लस्टर के रूप में विकसित करने की योजना को भी बैठक में हरी झंडी दी गई। अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक मत्स्य पालकों को योजना से जोड़कर उन्हें स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।

गांव कर्मसाना में प्रस्तावित एक्वा पार्क
बैठक में हरियाणा के मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत सिरसा में एक्वा पार्क की स्थापना पर भी चर्चा की गई। इस परियोजना के लिए कम से कम 25 एकड़ भूमि की आवश्यकता बताई गई। सुझाव के रूप में गांव कर्मसाना की पंचायत भूमि को एक्वा पार्क के लिए उपयुक्त माना गया है। इस दिशा में आगे की कार्रवाई जल्द शुरू की जाएगी।

उपस्थित अधिकारी
बैठक में जिला परिषद सीईओ डॉ. सुभाष चंद्र, कृषि उपनिदेशक डॉ. सुखदेव सिंह, एलडीएम संजीव गर्ग, कृषि विज्ञान केंद्र प्रभारी डॉ. हरदीप सिंह, मत्स्य महाविद्यालय हिसार के वैज्ञानिक डॉ. नितेश बंसल, मत्स्य अधिकारी संदीप और सिमरनजीत सिंह मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.