Rampur News: नकली व नशीली दवाओं के विरुद्ध 1 अप्रैल से 31 अगस्त तक चलाये गये अभियान में 100 नमूनों की करायी जांच
रामपुर जनपद में नकली, नशीली व अधोमानक औषधियों के विक्रय पर प्रभावी रोकथाम लगाने और आम जनमानस को सुरक्षित औषधि उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह के निर्देश पर औषधि निरीक्षक मुकेश कुमार ने 1अप्रैल से 31अगस्त, 2025 तक सघन अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई की गई। इस दौरान औषधि निरीक्षक ने जनपद के 94 मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया और 13 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की कार्यवाही की जिसके अंतर्गत 100 नमूनें (4 बिना लाइसेंस संचालित प्रतिष्ठान से 81 औषधि 17 वेटनरी और 2 कॉस्मेटिक) संग्रहित किये गये, जिनमें से 4 नमूनें औषधि विश्लेषक द्वारा मानक के अनुरूप नहीं पाए गए, जिनके विरुद्ध सक्षम न्यायालय में वाद दायर करने की कार्यवाही विभाग द्वारा की जा रही है।
मुकेश कुमार ने बताया कि इस अवधि में सहायक आयुक्त औषधि, मुरादाबाद, मंडल मुरादाबाद के द्वारा गठित टीम के साथ जनपद में 1 बिना लाइसेंस संचालित मेडिकल स्टोर पर छापेमार की कार्रवाई कर 54570 रुपये की औषधि सीज की गई। 7 सितंबर को मोरी गेट पर स्थित नशीली दवा (कोडीन सिरप) के विक्रेता के प्रतिष्ठान पर पुलिस विभाग के साथ छापेमारी की कार्यवाही करते हुए 17 लाख रुपये की औषधि सीज की गई और 2 व्यक्ति गिरफ्तार किये गये।
उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के अंतर्गत 3 बिना लाइसेंस संचालित मेडिकलकर्ता एवं 1 अधोमानक औषधि विक्रेता के विरुद्ध सक्षम न्यायालय में वाद दायर किये गये। साथ ही 1 अपमिश्रित एवं 1 मिथ्याछाप प्रकरण अग्रिम कार्यवाही हेतु लखनऊ स्थित मुख्यालय को प्रेषित किया गया। इसके अतिरिक्त इसी अवधि में सहायक आयुक्त, औषधि मुरादाबाद के द्वारा जनपद के 50 औषधि लाइसेंस निलंबन सहित 21 औषधि लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की गयी।
