युवक पर जानलेवा हमला, धारदार हथियार से वार का आरोप

  • रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव

चोपन(सोनभद्र)। चोपन थाना क्षेत्र के पटवध इलाके में युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित रमेश कुमार ने अपने ही भाई समेत छह लोगों पर धारदार हथियार से हमला करने का आरोप लगाया है। हमले में युवक के सिर, कमर और जांघ में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया।

सीएचसी चोपन के चिकित्सक डॉ हरिप्रसाद ने चोटों की प्रकृति को देखते हुए धारदार हथियार से वार किए जाने की आशंका जताई। युवक की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लोढ़ी रेफर कर दिया गया। वहीं मामले को लेकर थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा ने बताया कि पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.