युवा सोशल मीडिया का उपयोग पूरी समझदारी से करें : एएसपी फैजल खान
ऐलनाबाद के प्राइवेट औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में नशा मुक्ति व साइबर क्राइम पर सैमीनार आयोजित
ऐलनाबाद, 1जनवरी ( एम पी भार्गव ) जिला. पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आज ऐलनाबाद शहर के तलवाड़ा रोड पर स्थित श्री विश्वकर्मा प्राइवेट औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान ऐलनाबाद में नशा मुक्ति व साइबर क्राइम पर सेमीनार का आयोजन किया गया। इस कैंप में एएसपी ( आईपीएस ) फैजल खान व थाना प्रभारी प्रगट सिंह ने बच्चों को नशे से दूर रहने व साइबर क्राइम से बचने की जानकारी दी। उन्होंने प्रशिक्षुओं को नशे से दूर रहने और यातायात नियमों की सख्ती से पालन करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि अगर समाज में कोई भी नशे की गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो इसकी जानकारी पुलिस को अवश्य दें, ताकि इसकी रोकथाम की जा सके। इसमें युवाओं की अहम भूमिका है। उन्होंने बताया कि मोबाइल से फायदे के साथ नुकसान भी है। सिर्फ पढ़ाई और ज्ञान बढ़ाने के लिए ही मोबाइल का उपयोग करें। सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों से बचें। फेसबुक, इंस्टाग्राम का उपयोग सोच समझकर ही करें। उन्होंने छात्रों को डिजिटल अरेस्ट के बारे में जानकारी दी। साइबर अपराधी लालच का जाल फेंकते हैं जिसमें आजकल पढ़े-लिखे लोग फंसते जा रहे हैं। इसलिए मुफ्त और बिना किसी योगदान के कोई उपहार या रकम दे रहा है तो सतर्क हो जाएं। अज्ञात कॉल पर भरोसा न करें और बहकावे में न आएं। किसी भी लिंक पर क्लिक करने से बचें। उन्होंने बताया कि बच्चे अपना लक्ष्य निर्धारित करें और उसे पाने के लिए आगे बढ़ें। मेहनत करने से सब हासिल होता है। कार्यक्रम के दौरान चीफ गेस्ट व मैनेजमेंट मेंबर छबीलदास, नगर पार्षद सुभाष चंद्र, हेमराज,दीपक कक्कड़ व जगदीश वर्मा द्वारा दक्ष चाहर व उनके कोच बंसीलाल को सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि दक्ष चाहर में बोलने व सुनने की क्षमता ना होते हुए भी उसने गुरुग्राम में आयोजित स्टेट लेवल प्रतियोगिता में ब्रोंज मेडल प्राप्त करके ऐलनाबाद का नाम रोशन किया है। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के टीचर अमित वालिया ने उपस्थित चीफ गेस्ट व मैनेजमेंट मेंबर्स व पत्रकारों का आभार प्रकट करते हुए सभी को नव वर्ष की शुभकामनाएं दी।
