मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया गया जागरूक

  • रिपोर्ट : शाहबाज़ खान, जनपद रामपुर

रामपुर। मिशन शक्ति-5.0 अभियान के अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनपद रामपुर के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान में मिशन शक्ति केंद्र की टीमों के साथ-साथ जनपद स्तरीय टीम ने भी सक्रिय भागीदारी की।

थाना स्तर की टीमों ने अपने-अपने क्षेत्र में बाजारों, शॉपिंग मॉल, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया। इस दौरान उन्हें महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा के उपाय, कानूनी अधिकार और नारी सम्मान से जुड़े प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में भी बताया गया। इनमें 1090 महिला शक्ति हेल्पलाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन सेवा और 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली और उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

इसके साथ ही घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, ऑनलाइन उत्पीड़न जैसी घटनाओं के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की प्रक्रिया के बारे में भी उन्हें जागरूक किया गया। मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को पंपलेट, कॉमिक्स और अन्य जागरूकता सामग्री वितरित की, ताकि वे अपने अधिकारों और सुरक्षा उपायों को आसानी से समझ सकें और जरूरत पड़ने पर उनका प्रभावी उपयोग कर सकें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.